रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आजसू पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक 3 जून को केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो की अध्यक्षता में राज्य की राजधानी रांची स्थित उनके बुकरु आवासीय कार्यालय में आयोजित की गयी। बैठक में पार्टी के स्थापना दिवस, महिला अधिवेशन, युवा सम्मेलन, बीएलए प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा धनबाद के चर्चित लोयाबाद कांड समेत विभिन्न संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में गिरिडीह सांसद सहित मांडू विधायक निर्मल महतो, पुर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, डॉ देवशरण भगत, आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर, संजय मेहता, बबीता देवी के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा के लिए आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक आगामी 8 जून को बोकारो में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक में आजसू केंद्रीय पदाधिकारियों, केंद्रीय समिति सदस्यों के साथ-साथ सभी जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे।
लोयाबाद कांड को लेकर गिरिडीह सांसद के नेतृत्व में गठित केंद्रीय दल की प्राथमिक जांच रिपोर्ट केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को सौंपी गई। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने बैठक में केंद्रीय दल की रिपोर्ट का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। नेताओं ने लोयाबाद प्रकरण में धनबाद जिला पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए घटना को लेकर प्रशासनिक विफलता की निंदा की।
बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि धनबाद जिला के हद में लोयाबाद की घटना अत्यंत गंभीर है। पीड़ितों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि घटना की सच्चाई से मुख्यमंत्री, गृह सचिव और डीजीपी को अवगत कराया जाएगा तथा निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी। सांसद सीपी चौधरी ने कहा कि केंद्रीय दल ने घटनास्थल का दौरा कर तथ्यों को संकलित किया है। हमारी प्राथमिक रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंप दी गई है। कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
पूरी रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। विधायक निर्मल महतो ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। लोयाबाद मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई आवश्यक है। आजसू नेत्री बबीता देवी ने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर आमजनों में विश्वास कायम रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोयाबाद मामले में निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी।
![]()













Leave a Reply