Advertisement

ऑपरेशन में लापरवाही के आरोप में हंगामा, घंटो बाद मिला परिजनों को न्याय

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास के एक निजी अस्पताल में महिला मरीज की मौत के बाद 5 जुलाई को परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

मामला बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी रहिवासी रम्पा स्वर्णकार का बताया जा रहा है, जिन्हें बीते माह 27 जून को कॉपर-टी निकलवाने और बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने कथित तौर पर बताया कि पहले ऑपरेशन के दौरान नस कट जाने से स्थिति गंभीर हो गई है और दोबारा ऑपरेशन करना पड़ेगा। दोबारा ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद बीते 3 जुलाई की रात लगभग 10 बजे महिला की मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पहले अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक अस्पताल छोड़कर चले गए। स्थिति को देखते हुए चास पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में चास एसडीएम प्रांजल ढांढ़ा, एसडीपीओ तथा मेडिकल टीम भी अस्पताल पहुंची। प्रशासन ने कहा है कि यदि ऑपरेशन में किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही हुई है तो मेडिकल टीम इसकी जांच करेगी। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के इलाज की शेष राशि माफ कर दी है। मृतका के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *