Advertisement

हाजीपुर में दिखा रफ्तार, ताकत और जुनून का महासंग्राम

वैशाली जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नारायण क्लब व् मौदह चतुर बने चैंपियन

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में दो दिनों तक रफ्तार, ताकत और जुनून का ऐसा सैलाब उमड़ा कि देखने वाले दंग रह गए। वैशाली जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कमलावती देवी नंद लाल सिंह स्मृति 33वीं वैशाली जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का 2 जून को रोमांचक समापन हो गया।

इस महामुकाबले में जिला के हद में विभिन्न प्रखंडों से आए लगभग 250 महिला एवं पुरुष जांबाजों ने ट्रैक और फील्ड पर अपना सर्वस्व झोंक दिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं का हौसला बढ़ाने पहुंचीं मुख्य अतिथि व नगर परिषद हाजीपुर की सभापति डॉ संगीता कुमारी और वैशाली जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट ने संयुक्त रूप से पुरस्कार वितरण किया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों में जोश भरते हुए सभापति डॉ संगीता कुमारी ने कहा कि हमारे खिलाड़ी मेडल जीतकर न सिर्फ जिला, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। कहा कि सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि बिहार सरकार अब मेडल लाओ, नौकरी पाओ के तहत इन होनहारों को सरकारी नौकरियां भी दे रही है।

​कार्यक्रम की शुरुआत में एसोसिएशन के सचिव डॉ राजेश शुभांगी ने अतिथियों का स्वागत किया और पिछले साल का शानदार रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने गर्व से बताया कि पिछले वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वैशाली जिले के सौ से अधिक खिलाड़ियों ने दम दिखाया था और 7 शानदार मेडल झटके थे। इस बार यह रिकॉर्ड भी टूटने वाला है।

इस दो दिवसीय महाकुंभ में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए नारायण स्पोर्ट्स क्लब (सराय) और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय (मौदह चतुर पातेपुर) ने ओवरऑल चैंपियनशिप का चमचमाता खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले 20 तकनीकी पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष राजकुमार राजू तथा मोहम्मद शहाबुद्दीन भी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चयनित वैशाली जिला एथलेटिक्स टीम आगामी 10 से 13 जून तक पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पटना में आयोजित होने वाली राज्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
​मैदान पर हुए मुकाबलों के नतीजे बेहद रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में (14 वर्ष) 60 मीटर दौड़ में उत्कर्ष राज प्रथम, शुभम कुमार द्वितीय और निशांत कुमार तृतीय रहे, जबकि इसी वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भी उत्कर्ष राज ने प्रथम, कुणाल कुमार ने द्वितीय और गौरव कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग (14 वर्ष) की 60 मीटर दौड़ में रितिका कुमारी प्रथम, आकांक्षा कुमारी द्वितीय और तृषा भारती तृतीय रहीं, जबकि 400 मीटर दौड़ में सुहानी कुमारी प्रथम, निशिका कुमारी द्वितीय और तृषा भारती तृतीय स्थान पर रहीं। बालक (16 वर्ष) की 100 मीटर दौड़ में आयुष कुमार प्रथम, कुणाल कुमार द्वितीय और सोनू कुमार तृतीय रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में अविनाश कुमार प्रथम, बिट्टू कुमार द्वितीय और कृष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिका (16 वर्ष) की 400 मीटर दौड़ में रानी कुमारी प्रथम, मधु लता द्वितीय और दीप माला तृतीय स्थान पर रहीं, वहीं 100 मीटर दौड़ में प्रीति कुमारी प्रथम, रानी कुमारी द्वितीय रहीं।

​सीनियर वर्ग के मुकाबलों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रवि कुमार प्रथम, प्रिंस कुमार द्वितीय और सुमित कुमार तृतीय रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में रंजन कुमार राय प्रथम, सोनू कुमार द्वितीय और विकास तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में वीणा कुमारी प्रथम, अदिति कुमारी द्वितीय और किरण कुमारी तृतीय रहीं, जबकि 400 मीटर दौड़ में किरण कुमारी ने प्रथम, वीणा कुमारी ने द्वितीय और राजनंदिनी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग की 800 मीटर दौड़ में मोनिका कुमारी प्रथम, प्रिया नंदिनी द्वितीय और स्नेहा गुप्ता तृतीय रहीं। पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में रोहित कुमार प्रथम, सुमित कुमार द्वितीय और कमलेश कुमार तृतीय रहे, जबकि 16 वर्ष बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में सुजीत कुमार प्रथम, अविनाश कुमार द्वितीय और कृष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष सीनियर वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में नीतीश कुमार प्रथम, गगन कुमार द्वितीय और मुकेश कुमार तृतीय रहे तथा 200 मीटर दौड़ में रंजन कुमार सिंह प्रथम, नासिर द्वितीय और अभिजीत कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

​शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में भी खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया। बालक (16 वर्ष) वर्ग में गणेश कुमार प्रथम, सचिन कुमार द्वितीय और अभय कुमार तृतीय रहे, जबकि इसी वर्ग की बालिकाओं में राज नंदिनी प्रथम, पुष्प लता द्वितीय और अनन्या तृतीय स्थान पर रहीं। बालक (14 वर्ष) वर्ग में बाबू रजनी प्रथम, कुणाल कुमार द्वितीय और दिव्यांशु कुमार तृतीय रहे, जबकि बालिका (14 वर्ष) वर्ग में तृषा भारती प्रथम, निशिका द्वितीय और सुहानी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर बालक वर्ग के शॉट पुट मुकाबले में युवराज प्रथम, शुभम कुमार द्वितीय और आकाश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर नवाजा गया। अंत में वैशाली जिला एथलेटिक संघ के कोषाध्यक्ष रवि रंजन ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *