Advertisement

मृतक हाइवा चालक के आश्रित को 6 लाख का चेक मिलने के बाद उठा शव

पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन अपने घर मनियारी (मुजफ्फरपुर) ले गये

कंपनी इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार कर घटना रोकने की व्यवस्था करे-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। बीते दो अक्टूबर को समस्तीपुर जिला के हद में बंगरा थाना क्षेत्र के सरसौना चौर स्थित ड्यूरा टेक सिमेंट फैक्ट्री में हाईवा से कुचलकर मृत चालक का शव 3 अक्टूबर को समझौता के बाद उठाया जा सका।

मुजफ्फरपुर जिला के हद में मनियारी थाना के मुरादपुर निवासी मो. अब्दुल हक के 60 वर्षीय पुत्र मो. यूनिस की पत्नी को 6 लाख रूपये का चेक सौंपने एवं 5 लाख रूपये इंश्योरेंस राशि दिलाने के आश्वासन के बाद आक्रोशित जनों ने मृतक का शव पुलिस को उठाने दिया। शव को जप्त कर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले गई। जहाँ से परिजन शव को अपने घर ले जाकर अंतिम संस्कार करने की बात कही।

घटना स्थल पर सरसौना पंचायत के मुखिया मनोज राय, वार्ड सदस्य सुरेंद्र राय, बबलू सिंह, मुकेश कुमार राम, दीपक राम, सूरज साह, मो. इब्राहिम रजा, भाकपा माले के मो. एजाज, मो. शकील, भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह आदि के पहल पर बंगरा थानाध्यक्ष संजीव चौधरी, बीडीओ, आरओ आदि अधिकारियों की उपस्थिति में मृतक के परिजन को चेक सौंपकर मामले को समाप्त कराया गया।

इस अवसर पर भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधक की भूमिका ठीक नहीं था। फैक्ट्री कर्मी का मोबाईल छीन लेना, परिचय देने के बाद पत्रकार, राजनीतिक कार्यकर्ता को अंदर जाने नहीं देना, शव छोड़कर भाग जाने जैसे कारनामे से स्थानीय रहिवासी आक्रोशित हो घटना स्थल को घेरे रहे। मांगों पर कार्रवाई के बाद मुखिया मनोज राय ने कंपनी को हिदायत देते हुए घेराव समाप्ति की घोषणा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *