परिसम्पत्ति वितरण के साथ उपायुक्त ने जनकल्याणकारी योजनाओं से कराया अवगत
एस.पी.सक्सेना/देवघर (झारखंड)। आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के दूसरे दिन 17 नवंबर को देवघर जिला (Deoghar district) के हद में सारठ प्रखंड के पथरड्डा, बोचबांध, बसहाटाड़, नवादा, अलुवारा, आराजोरी पंचायतों के पंचायत भवन परिसर में किया गया।
देवघर जिला उपायुक्त (Deputy Commissioner) मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में 17 नवंबर को आराजोरी पंचायत भवन में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से कोरोना संक्रमण महामारी की वजह से पूरा देश भारी मुश्किलों और चुनौतियों के दौर से गुजरा है।

लॉकडाउन के बाद अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर देश व राज्य की व्यवस्थाओं को बेहतर करने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में राज्य के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले के सभी 194 पंचायतों में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन कर अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ समस्याओं से रूबरू होंगे।
उनका निष्पादन करेंगे। ऐसे में 15 नवम्बर से 29 दिसम्बर तक पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन कर आम जनमानस की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
उपायुक्त भजंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान से जुड़ी जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उदेश्य केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, लोगों को जागरूक करना, ताकि लोग आसानी से योजनाओं का लाभ उठा सके।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से ऑन द स्पॉट शिकायतों का निष्पादन व योजनाओं के लाभ लेने में हो रही देरी को निराकरण करने का प्रयास किया जायेगा।
उन्होंने जिले में चल रहे शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह ग्रामीणों से किया, ताकि जल्द से जल्द लोगों को बढ़ते कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। उपायुक्त ने ग्रामीणों के आवेदन पर अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त भजंत्री लाभुकों के बीच विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से लाभुकों को लाभान्वित किया। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि सीएम के निर्देशानुसार जल्द हीं युनिवर्सल पेंशन योजना के तहत अहर्ता रखने वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजूर्गों को जोड़ने का कार्य आने वाले दिनों में शुरू किया जायेगा।
इसके तहत अब विधवा महिलाओं के साथ परित्यक्त महिलाओं को भी पेंशन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित राज्य के सभी पात्र गृहस्थ एवं अंत्योदय अन्न योजना के लाभुक परिवारों के अतिरिक्त झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के लाभुक परिवारों को भी योजना से आच्छादित किए जाने की स्वीकृति दी गई।
कार्यक्रम में कुल 102 लाभुकों के बीच धोती-साड़ी, 60 लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड एवं 100 दिन पूरे होने पर दो लाभुकों को सम्मानित किया गया। कैम्प के माध्यम से कुल 564 शिकायतों का आवेदन प्राप्त किये गये।
कुल 84 लाभुकों के बीच आवास स्वीकृति प्रत्र वितरित किया गया। 10 लाभुकों के बीच केसीसी ऋण, 2 बच्चों को गोद भराई, 4 बच्चों का अन्न प्रासन्न एवं 105 लाभुकों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। वही ऑन द स्पॉट 13 मामलों का निराकरण किया गया।
यहां उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत गांव में निवास करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सहायता प्रदान कर आर्थिक रूप से सबल बनाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशुपालन विभाग, गव्य विकास विभाग, कल्याण विभाग की ओर से बकरी पालन, सूअर पालन, मुर्गी पालन आदि अन्य योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी ग्रामीणें को दी।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत कल्याण विभाग से एसटी/एससी को 100 फीसद अनुदान पर दिया जाएगा। वहीं विधवा सम्मान योजना के तहत सभी वर्ग जाति के विधवा महिलाओं को 90 फीसद अनुदान पर दिया जाएगा। सभी जाति के लिए 50 फीसद अनुदान पर योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना के लाभुको को मनरेगा योजना के तहत पशुपालन के लिए शेड मिलेगा।
आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग के योजनाओं को प्रदर्शन करते हुए स्टॉल लगाया गया था। जहां योजनाओं से जुड़ी जानकारी के प्रचार-प्रसार हेतु पम्पलेट का वितरण लोगों के बीच किया गया।
साथ हीं शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण उदेश्य से स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन कर 497 लोगो का कोविड जांच और 326 लोगों को कोविड का टीका दिया गया।
इस दौरान उपायुक्त के अलावे अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर सौरव भुवानियां, कार्यकारी मुखिया, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी, कर्मी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply