एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। लोकआस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट झारखंड द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राजधानी रांची के लोक भवन के निकट स्थित हटनिया तालाब में श्रद्धालुओं के बीच लगभग 2,100 हनुमान चालीसा की प्रतियाँ निःशुल्क वितरित की जाएगी।
जानकारी देते हुए ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी दीपेश निराला ने 12 नवंबर को बताया कि ट्रस्ट की ओर से यह कार्यक्रम आगामी 15 नवंबर को प्रथम अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस निमित्त तालाब परिसर में ट्रस्ट की ओर से एक विशेष कैनोपी (स्टॉल) स्थापित की जाएगी, जहाँ श्रद्धालुओं को ससम्मान हनुमान चालीसा भेंट की जाएगी।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व की पवित्रता एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच रामभक्त भगवान श्रीहनुमान की भक्ति, राम नाम के स्मरण तथा सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। कहा गया कि हनुमान चालीसा श्रद्धा, साहस, सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा प्रदान करती है।
ट्रस्ट का मानना है कि धार्मिक पर्व केवल आस्था की अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, एकता एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण अवसर हैं। इसी भावना के साथ ट्रस्ट द्वारा भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से निरंतर जनसेवा के कार्य किए जाते रहेंगे।
इस निमित्त बीते 11 नवंबर को संपन्न बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष कुमार, उपाध्यक्ष विश्वजीत पॉल, सचिव महेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव राजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार, सह-कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्रा, मीडिया प्रभारी दीपेश कुमार निराला, सोशल मीडिया प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा, सदस्य अभय कुमार तिवारी, आलोक कुमार राय, जयंत प्रसाद साहू, राकेश नारायण, अश्विनी कुमार, अभय कुमार एवं संजू कुमार उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply