Advertisement

गुरु गोबिंद सिंह टेक्निकल कैंपस में चला निर्वाचन आयोग का अभियान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से 5 नवंबर को जिले भर में भारत निर्वाचन आयोग का #DownloadECINet जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत जिला के हद में चास स्थित गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने युवाओं के मोबाइल में ईसीआइनेट ऐप डाउनलोड एवं इंस्टॉल कराया तथा इसकी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। एक सफाई कर्मी से लेकर संस्थान के निदेशक तक सभी पात्र मतदाताओं को समान मतदान का अधिकार प्राप्त है। इसलिए किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि उसके एक वोट से क्या फर्क पड़ेगा। कहा कि एक-एक वोट से ही लोकतंत्र मजबूत होता है।

उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के रहिवासियों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने भी युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने भी विचार रखे।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवाओं ने ऐप डाउनलोड कर स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किए और अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *