रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के पचमो स्थित केबीपी ओसीपी में संपर्क सड़क एवं कोयला प्रेषण की आधारभूत संरचना विकसित करने को लेकर 5 नवंबर को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने समाहरणालय में बैठक की। इसमें सीसीएल परियोजना की प्रगति, प्रस्तावित सड़क, कोल स्टॉक यार्ड और भूमि की उपलब्धता पर चर्चा की गयी।
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पथ निर्माण से पहले हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्ग और संभावित एलिफेंट कॉरिडोर का विस्तृत सर्वे कराया जाए। साथ ही प्राकृतिक जल प्रवाह और नदी-नालों की निकासी बाधित नहीं हो। इसके लिए मान्यता प्राप्त एजेंसी से सर्वे कराकर आवश्यक स्थानों पर कल्वर्ट निर्माण की योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने खनन के साथ माइंस क्लोजर की प्रक्रिया समानांतर चलाने, स्थानीय वन प्रजातियों के पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया। कहा कि स्थानीय रहिवासियों की आजीविका से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा होगी।
बैठक में सीएसआर योजनाओं को जिला स्तरीय समिति से अनुमोदित कराने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसपी नाथू सिंह मीणा, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, वन विभाग के प्रतिनिधि संदीप शिंदे और सीसीएल के अधिकारीगण मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply