Advertisement

छठ की झांकी व् मेहंदी-रंगोली से सजा जिगना विद्यालय, बच्चों की प्रस्तुति आकर्षक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण प्रमंडल के हद में गोपालगंज जिला के राजकीय बुनियादी विद्यालय जिगना (हथुआ) में तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और कलात्मक गतिविधियों का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य को लेकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका नीलम कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी की। बीते 4 नवंबर को छात्राओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनाए। उनके द्वारा बनाई गई सुंदर आकृतियों और कलात्मक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इसी क्रम में 5 नवंबर को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर आधारित विशेष झांकी प्रस्तुत की गई। इस झांकी के माध्यम से बच्चों ने बिहार की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपरा और छठ महापर्व की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। छठ के विभिन्न पारंपरिक पहलुओं को प्रस्तुति में शामिल किया गया। विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के तीसरे दिन 6 नवंबर को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल से आकर्षक रंगोलियां बनाएंगे। बच्चे रंगों और आकृतियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण, संस्कृति और सामाजिक संदेशों को भी अपनी कलाकृतियों में स्थान देंगे।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की भूमिका सराहनीय रही। बच्चों के उत्साह, अनुशासन और सामूहिक सहयोग को देखकर उपस्थित गणमान्य काफी प्रभावित हुए। ऐसे आयोजनों से बच्चों को पाठ्य पुस्तकीय ज्ञान के अलावा व्यावहारिक अनुभव मिलता है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और मंच पर प्रतिभा प्रस्तुत करने का साहस विकसित होता है। इन गतिविधियों में शिक्षकों का भी सराहनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर शिक्षक भृगुनाथ कुमार, सुशील कुमार पाल, राम बालक साह, मंजू कुमारी एवं धीरज सिंह उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *