Advertisement

पारंपरिक वेशभूषा में बच्चों ने छठ महापर्व की जीवंत झलक पेश कर मोहा मन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के रामभजन सिंह आदर्श मध्य विद्यालय कसमर में 5 नवंबर को बच्चों द्वारा लोक आस्था के महापर्व छठ पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में बिहार के प्रसिद्ध महापर्व छठ से जुड़ी विभिन्न परंपराओं, कलाओं और धार्मिक मान्यताओं की आकर्षक प्रस्तुति दी। सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसी ने सिर पर दउरा उठाकर व्रतियों की परंपरा को दर्शाया, तो किसी ने हाथों में सूप, फल और प्रसाद लेकर छठी मैया की आराधना की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से छठ घाट, पूजा की तैयारियों, सूर्य उपासना और लोक आस्था से जुड़ी परंपराओं को जीवंत कर दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने छठ गीत गाकर बेहतरीन प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ने बताया कि बिहार का प्रसिद्ध लोक आस्था का महापर्व छठ साल में दो बार मनाया जाता है। एक चैती छठ और दूसरा कार्तिक मास में। इसमें व्रतधारी चार दिवसीय अनुष्ठान करती हैं और 36 घंटे निर्जला रहकर भगवान भास्कर को सुबह और शाम अर्घ्य देती हैं। इसी परंपरा को बच्चों ने बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सफल और आकर्षक बनाया।

विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और बेहतर तालमेल के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक परिधान और छठ पूजा से जुड़ी सामग्रियों के साथ बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की इस शानदार प्रस्तुति ने न केवल छठ महापर्व की प्राचीन परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक महत्व के प्रति उनकी समझ और जुड़ाव को भी प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ अपनी सभ्यता, संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना भी आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और अपनी परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मोतीउर रहमान, शिक्षक विनोद कुमार, अरुण कुमार सिंह, अविनाश कुमार, गुड्डू कुमार, शिक्षिका पूनम कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुषमा कुमारी, सविता कुमारी, पूनम अंशु कुमारी, संध्या कुमारी, मारुति कुमारी सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *