Advertisement

चार माह में 25 साइबर ठगी मामलों का उद्भेदन, ₹25.52 लाख पीड़ितों को वापस

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले चार महीनों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान साइबर धाराओं के तहत 25 मामले दर्ज किए गए और उनका उद्भेदन करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पहल से ठगी के शिकार रहिवासियों को 25.52 लाख रुपये वापस दिलाए गए, जबकि 42.56 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं। इससे पहले भी अलग-अलग मामलों में करीब एक करोड़ रुपये होल्ड कराए जा चुके है।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने 3 नवंबर को बताया कि साइबर अपराध के प्रति आमजनों में बढ़ती जागरूकता और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर समय पर शिकायत दर्ज कराने से यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पहले ठगी की रकम वापस कराना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अब पुलिस पीड़ितों को राशि लौटाने में सफल हो रही है।

डीएसपी ने जिलावासियों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और मामलों का निष्पादन किया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *