अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पश्चिमी पंचायत में 3 नवंबर को सरकार के निर्देशानुसार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संयुक्त रूप से शुभारंभ सोनपुर के राजस्व अधिकारी संजीव कुमार सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने किया। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखी।
जानकारी के अनुसार आयोजित शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। काउंटरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता के बारे में भी जानकारी दी।

मौके पर राजस्व अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए आमजनों को प्रखंड, अंचल और अनुमंडल कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब पंचायत स्तर पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर रहिवासियों की समस्याएं सुन रहे हैं। इससे ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं और ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। ज्ञात हो कि पंचायत स्तर पर आयोजित यह सहयोग शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा सरकारी सेवाओं को आम जनों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
![]()













Leave a Reply