Advertisement

डीएवी गुवा के रोहित गागराई ने राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण पदक

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल गुवा के कक्षा दसवीं ‘बी’ के छात्र रोहित गागराई ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।

देश की राजधानी नई दिल्ली में बीते 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में रोहित ने ऊंची कूद (हाई जंप) और त्रिकूद (ट्रिपल जंप) में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों के डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

रोहित की इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में 30 अक्टूबर को रोहित का बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल शिक्षक विनोद साहू का कुशल मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने रोहित को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतना उसकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का शानदार परिणाम है। उसकी उपलब्धि से डीएवी गुवा सहित पूरा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने खेल शिक्षक विनोद साहू तथा एस्कॉर्ट शिक्षकों पवन कुमार और रोशन कुमारी के योगदान की भी सराहना की।

साथ ही विश्वास जताया कि रोहित भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। वहीं, रोहित के वर्ग शिक्षक बादल दास ने भी उसकी सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रोहित की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *