प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। ओएनजीसी सीबीएम एसेट बोकारो द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत 29 अक्टूबर को गोमिया हाई स्कूल में विद्यार्थियों के बीच सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ज्ञात हो कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि है।
बताया जाता है कि आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों, जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक देशवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसकी शुरुआत स्वयं के आचरण में ईमानदारी अपनाने से होती है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा रहा, जिसमें उपस्थित छात्रों ने ईमानदारी से कार्य करने, भ्रष्टाचार से दूर रहने, नियमों का पालन करने तथा अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ओपन माइक एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ओपन माइक के माध्यम से विद्यार्थियों ने ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त समाज से संबंधित अपने विचारों को साझा किया। वहीं, क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता से संबंधित ज्ञान का परीक्षण किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य अंबुज कुमार एवं शिक्षकगण द्वारा पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी अपनाने, गलत कार्यों का विरोध करने तथा एक जिम्मेदार देशवासी बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था, ताकि वे भविष्य में एक पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सके। ओएनजीसी सीबीएम एसेट द्वारा आयोजित यह पहल सतर्कता जागरूकता सप्ताह के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुँचाने और युवा पीढ़ी को ईमानदारी एवं नैतिक आचरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास रहा।
![]()













Leave a Reply