Advertisement

कमर से सीना तक पानी में उतरकर सबलपुर में 1800 परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सरयुग गौतम कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनिल सिंह गौतम के सौजन्य से सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के बाढ़ग्रस्त सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत एवं सबलपुर उत्तरी पंचायत की अनुसूचित जाति बस्तियों में 10 सितंबर को तीसरे दिन भी बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।

बताया जाता है कि अब तक कुल 1800 परिवारों के बीच चावल, दाल, सोयाबीन पैकेट, चना-सत्तू, मोमबत्ती, माचिस, अगरबत्ती, मच्छर-अगरबत्ती आदि का वितरण किया जा चुका है। इस क्रम में सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के बिंद टोली, चर्मकार शिल्पी मोहल्ला (अनुसूचित जाति बस्ती), महादलित बस्ती बांसफोर मोहल्ला, मियां टोली, दुसाध टोली, कानू टोली, बभन टोली एवं उत्तरी पंचायत के न्यू दलित बस्ती में घर-घर जाकर राहत सामग्री की किट वितरित की गई।

बताया जाता है कि राहत वितरण कार्य में सबलपुर बभन टोली के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवक कमर से सीना तक भरे बाढ़ के पानी को पार कर बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। राहत दल में किसलय कुमार शर्मा, मुनचुन शर्मा, राजू शर्मा, शनि कुमार, गोलू कुमार, मुकेश कुमार साह, अरविंद शर्मा, अजीत कुमार शर्मा, दीपक शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, धनंजय शर्मा अटल आदि शामिल थे।

कंपनी के निदेशक अनिल सिंह गौतम ने 10 सितंबर को भेंट में कहा कि बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा को देखते हुए इसे केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी मानकर यह प्रयास किया गया है। भविष्य में भी हरसंभव सहायता जारी रखी जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब परिवार भोजन और रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे समय में यह मदद केवल राहत नहीं, बल्कि समाज के सक्षम जनों के लिए प्रेरणा से कम नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *