सीएमडी ने की सीपीआरएमएसई ऑनलाइन डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट पोर्टल का शुभारंभ
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल परिवर्तन की है। सीसीएल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 10 सितंबर को सीसीएल मुख्यालय रांची स्थित मंथन सभागार में सीपीआरएमएसई/एनई 2.0 पोर्टल एवं ऑनलाइन डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट पोर्टल का शुभारंभ किया। दोनों पोर्टलों का विधिवत शुभारंभ सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा सीसीएल के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। सीसीएल के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार सीपीआरएमएसई/एनई 2.0 पोर्टल के माध्यम से पूर्व कर्मचारियों के मेडिकल क्लेम एवं रिम्बर्समेंट की प्रक्रिया को पारंपरिक कागजी एवं फाइल-आधारित व्यवस्था से डिजिटल वर्कफ्लो में परिवर्तित किया गया है।
इसके माध्यम से सेवानिवृत्त कोल कर्मी अपने घर से ही मेडिकल क्लेम एवं संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे, अपने क्लेम की स्थिति की ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे तथा किसी भी ऑब्जर्वेशन अथवा आपत्ति का डिजिटल माध्यम से जवाब दे सकेंगे। कहा गया कि उक्त पोर्टल के माध्यम से पीआरबी, सीएमएस/मेडिकल एवं फाइनेंस विभागों के बीच क्लेम का इलेक्ट्रॉनिक मूवमेंट, कार्य आवंटन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडिट ट्रेल तथा एसएमएस/मोबाइल अलर्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ने के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार ऑनलाइन डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट पोर्टल का उद्देश्य सेवा अवधि के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों/दावेदारों के लिए रोजगार अथवा एनसीडब्ल्यूए के अंतर्गत आर्थिक मुआवजे से संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना है। पोर्टल के माध्यम से आश्रित ऑनलाइन आवेदन/प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने के साथ-साथ उसके विभिन्न चरणों में स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, कमियों, लंबित कार्यों तथा प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों के संबंध में एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से सूचनाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के लिए केंद्रीकृत मॉनिटरिंग एवं डैशबोर्ड की सुविधा मामलों की प्रभावी निगरानी में सहायक होगी।
कहा गया कि उपरोक्त दोनों डिजिटल पहलों की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि सीपीआरएमएसई/एनई 2.0 एवं डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट पोर्टल को सीसीएल के प्रणाली विभाग द्वारा अपनी इन-हाऊस टेक्निकल टीम के माध्यम से विकसित किया गया है। यह उपलब्धि सीसीएल की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता एवं संस्थान के भीतर उपलब्ध मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग को भी रेखांकित करती है। इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पोर्टलों का इन-हाउस विकास सीसीएल की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिवारों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं प्रणाली विभाग की टीम को इस पहल के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के डिजिटल समाधान सेवा वितरण को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीपीआरएमएसई/एनई 2.0 एवं ऑनलाइन डिपेंडेंट एम्प्लॉयमेंट पोर्टल के माध्यम से सीसीएल सेंट्रली मॉनिटर्ड डिजिटल सर्विस डिलीवरी की ओर एक महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत की है। दोनों पोर्टल प्रक्रियाओं को अधिक पेपरलेस, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के साथ-साथ लाभार्थियों की सुविधा, जवाबदेही और कार्यप्रणाली की दक्षता को मजबूत करने में सहायक होंगे। विशेष रूप से, यह पहल सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मियों एवं दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों तक कल्याणकारी सेवाओं की बेहतर एवं अधिक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
![]()













Leave a Reply