Advertisement

जड़भरत की तपोभूमि है हरिहर क्षेत्र, जहां गज को ग्राह से मिली थी मुक्ति-आचार्य सुमंत

भागवत कथा के चतुर्थ दिवस धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर 10 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वृंदावन धाम से पधारे प्रख्यात कथा प्रवक्ता भागवत रत्न आचार्य श्रीसुमंत कृष्ण शास्त्री उर्फ कन्हैयाजी महाराज ने चतुर्थ दिवस की कथा में कहा कि हरिहर क्षेत्र की महिमा अपार है। यहीं जड़भरतजी ने राजा रहूगण को उपदेश देकर उनका अभिमान दूर किया था और राजा ने यहीं समाधि ली थी।

उन्होंने कहा कि भक्त की सच्ची श्रद्धा से ही भगवान का अवतार होता है। भक्त अपनी भक्ति भाव से पत्थर में भी भगवान को प्रकट कर देता है। भक्त प्रह्लाद की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान नृसिंह रूप में खंभे से प्रकट हुए। इससे यह संकेत मिलता है कि जो मेरे परम भक्त को कष्ट देता है, वह मुझे सहन नहीं होता और उसकी रक्षा की जिम्मेदारी स्वयं मेरी हो जाती है।

गजेंद्र मोक्ष प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य सुमंत ने कहा कि इसी हरिहर क्षेत्र की भूमि पर भगवान नारायण ने हरि अवतार लेकर गजेंद्र की ग्राह के फंदे से रक्षा की थी और ग्राह को भी मुक्ति प्रदान की थी। कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है और दुष्टों का अत्याचार बढ़ जाता है, तब-तब धर्म की रक्षा के लिए परमात्मा राम और कृष्ण के रूप में अवतार लेते हैं। प्रवचन के दौरान उन्होंने जड़भरत चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, श्रीराम जन्म और श्रीकृष्ण जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया।

कथा के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। बधाई स्वरूप टॉफी, बिस्कुट, चॉकलेट और खिलौने लुटाए गए। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान हो गया। कथा पंडाल में छठी महोत्सव भी मनाया गया। कथा के उपरांत सभी भक्तों ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।

आज के यजमान दिलीप कुमार झा एवं संजय कुमार सिंह रहे। इस अवसर पर सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह भी शामिल हुए। मौके पर मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू, पुष्पा सिंह, प्रेमलता सिंह, नरेश सिंह, सुशील कुमार सिंह, धनंजय सिंह, राज सिंह सहित हजारों भक्तगण मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *