Advertisement

कोटपा अनुपालन को लेकर बालीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तंबाकू नियंत्रण कानून कोटपा-2003 के प्रभावी अनुपालन एवं तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से 27 अगस्त को जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व कोटपा एनफ़ोर्समेंट नोडल ऑफिसर बालीडीह थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार द्वारा किया गया। बताया जाता है कि अभियान के दौरान बालिडीह क्षेत्र के विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा कोटपा के प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई।

बताया जाता है कि अभियान के दौरान कुल 6 उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए ₹2,600 का अर्थदंड वसूला गया। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे कोटपा के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दुकानदारों को संबंधित प्रमुख प्रावधानों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया, जिसमें धारा 4 के तहत होटल, रेस्टोरेंट, कार्यालय, सार्वजनिक परिवहन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषिद्ध है। धारा 5 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष/सरोगेट विज्ञापन, प्रचार एवं प्रोत्साहन पर प्रतिबंध है।

धारा 6 के तहत 21 वर्ष से कम आयु के बच्चों/क्रेताओं को तंबाकू उत्पाद बेचना अथवा उनके माध्यम से तंबाकू उत्पादों की बिक्री कराना प्रतिबंधित है। धारा 6 के तहत स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के निर्धारित 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जानी चाहिए। धारा 7 के तहत तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर निर्धारित वैधानिक सचित्र स्वास्थ्य चेतावनी एवं अन्य अनिवार्य विवरण का होना आवश्यक है। बिना निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जानी चाहिए। निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी के बिना तंबाकू उत्पादों के आयात से संबंधित वैधानिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है।

अभियान के दौरान दुकानदारों से अपील की गई कि वे 21 वर्ष से कम आयु के क्रेताओं को तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री से बचें तथा तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार पर लागू प्रतिबंधों का पूर्णतः पालन करें। कहा गया कि जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *