Advertisement

चार साल से सड़क जर्जर, पाइप बिछाने के बाद भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत अंतर्गत चंडीपुर गांव में ग्रामीणों की परेशानी कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। लगभग चार वर्ष पूर्व गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप बिछाने के उद्देश्य से सड़क की खुदाई की गई थी। सड़क के नीचे पाइप तो डाल दिया गया, लेकिन खुदाई के बाद सड़क की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। नतीजतन उक्त सड़क पिछले चार वर्षों से जर्जर स्थिति में है।

रहिवासी ग्रामीणों का कहना है कि पाइप बिछाने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही घर-घर पानी की सुविधा मिलेगी, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद आज तक कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। दूसरी ओर, सड़क की स्थिति भी बदहाल हो गई है। जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी होती है। गांव के बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति शुरू कराने को लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि न तो पंचायत स्तर से समस्या का समाधान कराया जा रहा है और न ही संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा इस दिशा में गंभीरता दिखाई जा रही है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा बिछाई गई पाइपलाइन को चालू कर सभी घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि चार वर्षों से अधूरी पड़ी योजना को अब और लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *