रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत अंतर्गत नावाडीह ऊपर टोला के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या से राहत मिली है। उक्त गांव में 23 अगस्त को 63 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर का लोकार्पण जेएलकेएम केंद्रीय महासचिव सह गोमिया विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा महतो ने की। ट्रांसफार्मर शुरू होने के बाद ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।
बताया गया कि पुराना ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से नावाडीह ऊपर टोला में बिजली आपूर्ति बाधित थी। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जेएलकेएम नेत्री पूजा महतो को दी। उन्होंने पहल करते हुए नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
मौके पर पूजा महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। कहा कि खराब ट्रांसफार्मर के कारण ग्रामीणों को कई दिनों तक परेशानी झेलनी पड़ी। समस्या की जानकारी मिलने के बाद नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष भुनेश्वर महतो ने कहा कि बिजली आज हर परिवार की आवश्यक जरूरत बन चुकी है। ट्रांसफार्मर खराब होने से रहिवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। नया ट्रांसफार्मर लगने से अब ग्रामीणों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। जेएलकेएम प्रखंड सचिव सौरभ जायसवाल ने कहा कि गांवों में छोटी-छोटी मूलभूत समस्याएं भी ग्रामीणों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती हैं। बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। नया ट्रांसफार्मर लगने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन तत्पर रहेगा।
मौके पर जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष भुनेश्वर महतो, प्रखंड सचिव सौरभ जायसवाल, उपाध्यक्ष अनुज कुमार महतो, विनोद महतो, बिंदेश्वर महतो, शोभा देवी, बबीता देवी, नागेश्वर महतो, अरुण महतो, सर्वेश्वर महतो, बलराम सिंह, शांति देवी, नीलम देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply