नदी क्यों जरूरी है? नदी किनारे पहुंची बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में राज्य संपोषित बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने सुरक्षित शनिवार के तहत नदी क्यों जरूरी है विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा को लेकर आयोजित किया गया था।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण के निर्देशन में कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को नदी किनारे ले जाया गया। जहां छात्राओं को नदी के महत्व, उसकी पवित्रता, धार्मिक आस्था, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्राचार्या ने बताया कि भारतीय संस्कृति में नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन, सभ्यता और आस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नदियों की स्वच्छता और सुरक्षा हर आम व् खास का नैतिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिक राजेश कुमार शुभांगी ने किया। उन्होंने कहा कि नदी हमारी प्राकृतिक धरोहर है। जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और पर्यावरण संतुलन के लिए नदियों को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर कला शिक्षिका अर्चना कुमारी ने नदी क्यों जरूरी है विषय पर पेंटिंग के माध्यम से नदी संरक्षण का संदेश देने के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छात्राएं नदी, पेड़-पौधे, जल संरक्षण, स्वच्छता और मानव जीवन के संबंध को चित्रों के माध्यम से रचनात्मक रूप से दिखा सकती हैं।

इस अवसर पर छात्राओं ने नदी किनारे प्रत्यक्ष अवलोकन कर पर्यावरणीय परिस्थितियों को समझा। छात्रा स्नेहा कुमारी ने कहा कि नदियां हमारे जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें स्वच्छ रखना हमारा दायित्व है, ताकि आने वाली पीढ़ी को भी स्वच्छ जल मिल सके। वहीं आकांक्षा कुमारी ने कहा कि नदी केवल पानी नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति की पहचान है।
वहीं प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित होती है। कहा कि सुरक्षित शनिवार का उद्देश्य केवल सुरक्षा की जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी है।
कार्यक्रम में शिक्षिकाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक रूप से नदी संरक्षण, जल बचाओ और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply