Advertisement

सीएम ने भरा अपना एसआईआर प्रपत्र , मतदाताओं से की सत्यापन कराने की अपील

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते 2 जुलाई को राज्य की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) अभियान के तहत स्वयं अपना एसआईआर (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर जमा किया।

इस दौरान सीएम ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र भरकर मतदाता सूची में विवरण का सत्यापन कराने की अपील की। सीएम ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक रहिवासी की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य मतदाताओं को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक-290 की बीएलओ ने एसआईआर प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान गांडेय (गिरिडीह) की विधायक सह सीएम सोरेन की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

ज्ञात हो कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और उनके विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सकें।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह रांची जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, बीएलओ वेरोनिका देवी सहित अन्य निर्वाचन अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *