प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास थाना क्षेत्र स्थित चेक पोस्ट के समीप शिवा लॉज में 19 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनबाद जिला के हद में जयप्रकाश नगर रहिवासी कृष्णा साव के 45 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण साव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण साव लॉज के तीसरे तल्ले स्थित कमरा संख्या-15 में ठहरे थे। यह कमरा उनके मित्र अजय कुमार के नाम से बुक कराया गया था। बताया जाता है कि बीते 18 जून को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर मामले की जानकारी हुई। जांच के दौरान पुलिस ने कमरे के अंदर पंखे से चादर के सहारे फंदे से लटका शव बरामद किया। शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और सड़-गल चुका था।
मौके से मृतक की बाइक क्रमांक-JH10AV/3901 भी बरामद की गई है। मृतक के भाई रामजी साव ने बताया कि लक्ष्मण जमीन खरीद-बिक्री के व्यवसाय से जुड़े थे और तीन दिन पहले प्लॉटिंग के काम से घर से निकले थे। शव मिलने की सूचना मिलने पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल होटल को सील किया जा रहा है। कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
![]()













Leave a Reply