Advertisement

मंत्री द्वारा निर्मित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का उद्घाटन, वन संरक्षण व् इको-टूरिज्म को बढ़ावा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित वन विभाग द्वारा निर्मित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का उद्घाटन झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने 19 जून को किया। इस अवसर पर डीएफओ नीतीश कुमार, आरसीसीएफ तांगा पांडियन, वन सुरक्षा समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो सहित वन विभाग के अधिकारी, वन सुरक्षा समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि राज्य सरकार वन संरक्षण और पर्यटन विकास को साथ लेकर चल रही है। फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के निर्माण से क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों, शोधकर्ताओं तथा वन विभाग के अधिकारियों को बेहतर सुविधा मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

बोकारो के डीएफओ नीतीश कुमार ने कहा कि यह गेस्ट हाउस वन विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इसके माध्यम से वन क्षेत्रों के संरक्षण, निगरानी और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं आरसीसीएफ तांगा पांडियन ने कहा कि वन संपदा का संरक्षण विभाग की प्राथमिकता है तथा जन सहभागिता के बिना यह कार्य संभव नहीं है।

वन सुरक्षा समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का उद्घाटन क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जंगल केवल लकड़ी और वन उत्पादों का स्रोत नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। कहा कि वन सुरक्षा समितियां ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों से जंगलों की रक्षा, अवैध कटाई रोकने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति रहिवासियों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में वन संरक्षण की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। प्रत्येक जन को वृक्षारोपण तथा जंगलों की सुरक्षा के लिए आगे आना होगा। कहा कि वन विभाग और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से ही जंगलों को सुरक्षित रखा जा सकता है। फॉरेस्ट गेस्ट हाउस जैसी परियोजनाएं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देंगी, जिससे क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने इस पहल के लिए वन विभाग एवं राज्य सरकार को साधुवाद देते हुए आमजनों से पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *