केंद्रीय रेलमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री ने छपरा जंक्शन से दिखाई हरी झंडी
जल्द ही दिल्ली से पटना के बीच दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, 4 घंटा 41 मिनट में पूरा होगा सफर
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्वोत्तर रेलवे के विकास में 19 जून को एक नया अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 19 जून को छपरा जंक्शन पर आयोजित एक भव्य समारोह में छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस और दोहरीघाट-औंड़िहार ट्रेन सेवा के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व् मुख्यमंत्री ने बिहार के मढ़ौरा लोको प्लांट से गिनी गणराज्य (अफ्रीका) को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन (WDG-4G) को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो वैश्विक स्तर पर मेक इन इंडिया की सफलता का प्रतीक है।
इस अवसर पर छपरा में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीते माह 11 मई को दोहरीघाट में किया गया वादा आज तय समय में पूरा हो गया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बजट बताते हुए कहा कि पहले बिहार को रेल विकास के लिए औसतन ₹1,000 करोड़ मिलते थे, जिसे पीएम मोदी ने बढ़ाकर अब ₹10,000 करोड़ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी होते पटना और सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन नेटवर्क बनेगा। बुलेट ट्रेन से दिल्ली-पटना की दूरी महज 4 घंटा 41 मिनट में पूरी होगी। अगले वर्ष मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन भी शुरू हो जाएगी। रेलमंत्री ने कहा कि बिहार में वर्तमान में 14 वंदे भारत और देश में सबसे ज्यादा अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बिहार में 2034 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए, जो मलेशिया के कुल रेल नेटवर्क से भी अधिक है। आगामी 7-8 वर्षों में क्षमता दोगुनी होने पर बिहार के लिए 200 नई ट्रेनें चलाई जा सकेंगी।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन नई ट्रेनों से बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को देश की राजधानी तक सुरक्षित, किफायती और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में ₹1 लाख करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं गति पर हैं। सूबे के 38 में से 36 जिले अब रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। छपरा से कटिहार तक तीसरी लाइन का काम तेजी से चल रहा है और छपरा में दो एयरपोर्ट भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने सीवान-छपरा से पटना के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी पर भी सहमति जताई।

समारोह में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और घोसी के सांसद राजीव राय ने नई ट्रेनों के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने छपरा जंक्शन पर अतिथियों का स्वागत किया, वहीं मऊ जंक्शन पर अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने कमान संभाली। इस अवसर पर स्थानीय विधायक, विधान परिषद सदस्य और वरिष्ठ रेल अधिकारीगण मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply