Advertisement

पीसीसीएफ से मिला वन सुरक्षा समिति प्रतिनिधिमंडल, सकारात्मक पहल का भरोसा

वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और वनवासियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने 18 जून को केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो के नेतृत्व में वन भवन रांची स्थित कार्यालय में झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) संजीव कुमार से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष, ग्राम वन प्रबंधन समितियों की भूमिका तथा वन क्षेत्रों में रहने वाले रहिवासियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी।

प्रतिनिधिमंडल ने पीसीसीएफ को वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जन भागीदारी को और मजबूत बनाने, वन प्रबंधन समितियों की समस्याओं के समाधान तथा वनवासियों से जुड़े लंबित मुद्दों से अवगत कराया। साथ ही हाल ही में आयोजित संयुक्त कार्यशाला में शामिल होकर समिति का उत्साहवर्धन करने एवं विभिन्न मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

मुलाकात के दौरान पीसीसीएफ संजीव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा उठाई गई मांगों पर विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं और सभी मांगें विभागीय स्तर पर विचाराधीन हैं। आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ग्रामीण समुदायों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो, केंद्रीय सचिव मो. सुलेमान अंसारी, केंद्रीय उपाध्यक्ष कार्तिक महथा एवं गंगाधर महतो, केंद्रीय कोषाध्यक्ष आनंद कुमार महतो, केंद्रीय मीडिया प्रभारी दीपक सवाल एवं रंजीत कुमार महतो शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *