रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के टाउन एडमिनिस्ट्रेशन (टीए) विभाग ने 18 जून को सेक्टर नाइन ए स्थित बिहारी होटल के समीप अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया।
जानकारी के अनुसार बीएसएल टाउनशिप प्रशासन के निर्देश पर होम गार्ड बल की मौजूदगी में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और निर्धारित क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए उक्त स्थल पर भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित रखा।

इस अवसर पर टीए विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बीएसएल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा गया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई की गई है। स्थानीय रहिवासियों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में आवाजाही और अन्य सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं। विभाग की इस कार्रवाई से आसपास के रहिवासियों ने संतोष जताया है।
बीएसएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रहिवासियों से सरकारी एवं बीएसएल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करने की अपील की गई है।
![]()













Leave a Reply