रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आर्ट ऑफ लिविंग बोकारो चैप्टर द्वारा 18 जून को बोकारो के सेक्टर चार स्थित आर्ट ऑफ लिविंग योग सेंटर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने दीप प्रज्वलित कर सेंटर का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के अवसर पर बेंगलुरु आश्रम से आए ब्रह्मचारी योगीराज ने उपस्थित जनों को योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा इसके लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत धन्वी जिंदल द्वारा उपायुक्त का तिलक और आरती कर स्वागत करने से की गयी।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि आज के तनावपूर्ण और भागदौड़ भरे जीवन में योग की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि योग अब केवल आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और भावनाओं के संतुलन की संपूर्ण जीवन शैली बन चुका है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव और एकाग्रता की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए योग, प्राणायाम और ध्यान को प्रभावी समाधान बताया।
मौके पर आर्ट ऑफ लिविंग के प्रवक्ता संजय सोनी ने कहा कि गुरुजी के आशीर्वाद से प्रशिक्षक योग के माध्यम से आमजनों को तनाव मुक्त और सुखी जीवन जीने की कला सिखा रहे हैं। शिक्षक बिनोद कुमार गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने बताया कि सेंटर में नि:शुल्क काउंसलिंग की भी व्यवस्था रहेगी।
इस अवसर पर मुकेश कुमार राय ने उपायुक्त को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद सहित रितु जिंदल, रेखा चौधरी, ऋतिका शुक्ला, वर्षा सिन्हा, डब्बू कुमार, गोदावरी, सिमी मोहंती, निताशी, शिव कुमार जिंदल और दीपमाला समेत आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के दर्जनों सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply