रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय में वेतन एवं अन्य भुगतान संबंधी अभिलेखों के सत्यापन को लेकर 17 जून को गठित उच्च स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने की।
बैठक में पिछले तीन वर्षों के वेतन एवं अन्य भुगतान से संबंधित अभिलेखों के सत्यापन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त को बताया गया कि जिले के कुल 166 विभागों में से अब तक 140 विभागों का सत्यापन कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 26 विभागों का सत्यापन लंबित है।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी झा ने कहा कि सत्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य भुगतान से संबंधित मामलों का निपटारा सुगमता से हो सकेगा। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि वेतन एवं अन्य भुगतान का मार्ग जल्द प्रशस्त हो सके।
![]()













Leave a Reply