रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। उपायुक्त बोकारो के निर्देशानुसार जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ गठित जिला धावा दल ने 17 जून को एक विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। इस अभियान के तहत बोकारो के सेक्टर फाइव डी स्थित राजू मोटरसाइकिल गैराज से दो नाबालिग बाल मजदूरों को मुक्त कराया गया।
बताया जाता है कि रेस्क्यू के दौरान मुक्त कराए गए बच्चों की उम्र 14 वर्ष और 17 वर्ष है। दोनों बच्चे क्रमशः चीरा चास और बिजूलिया गांव के रहने वाले हैं। रेस्क्यू अभियान के तुरंत बाद दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) बोकारो के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेशानुसार, बच्चों के पुनर्वास के लिए उन्हें तत्काल बाल सुधार गृह चास भेज दिया गया है।
इस विशेष अभियान को सफल बनाने में जिला धावा दल के मुख्य रूप से अजीत राणा, बाल संरक्षण इकाई चास के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राकेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंदनकियारी पिंटू कुमार, चाइल्ड लाइन कर्मी प्रदीप कुमार तथा सहयोगिनी बोकारो के रवि कुमार राय शामिल थे।
इस अवसर पर धावा दल ने कहा कि बोकारो जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान, होटल या गैराज में यदि बाल मजदूर काम करते पाए गए, तो उन्हें तुरंत रेस्क्यू किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित नियोक्ता (मालिक) के खिलाफ श्रम अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply