Advertisement

आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर में 28 शिकायतों का पंजीकरण

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में 17 जून को सीसीएल के आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यालय रांची की महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र के महाप्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) तेजविंदर सिंह, समाधान प्रकोष्ठ, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र सहित मानव संसाधन विभाग के अधिकारीगण, विभागाध्यक्ष (असैनिक), विभागाध्यक्ष (वित्त एवं लेखा) तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बताया गया कि शिविर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चला, जिसमें उपस्थित गणमान्य जनों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर दिया गया। शिविर के दौरान कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे।

सभी प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा अनेक मामलों में मौके पर ही संबंधित को आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। शेष मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए औपचारिक उत्तर प्रदान किया जाएगा तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं यथोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन से कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ है। साथ हीं सीसीएल प्रबंधन की पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिली।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *