विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता, सम्मान एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र में “#ActionForClimate” थीम के अंतर्गत एक भव्य पर्यावरण जागरूकता समारोह एवं व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन क्षेत्र के विभागाध्यक्ष पर्यावरण एस. एस. पाल द्वारा किया गया।
महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (संचालन) बिनोद ने की। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ऊर्जा की बचत तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साइंराम का पर्यावरण के प्रति भेजे गये संदेश को पढ़कर सुनाया।
इस अवसर पर श्री एस. एस. पाल ने सम्मेलन कक्ष में ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि विश्व का औसत तापमान अत्यंत तीव्र गति से बढ़ रहा है, जिसके परिणामस्वरूप मौसम चक्र में असामान्य परिवर्तन, सूखा, बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएँ बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति एवं धरती माता का स्पष्ट संकेत है, जिसे समझते हुए हमें तत्काल प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने कार्बन उत्सर्जन में कमी, ऊर्जा संरक्षण एवं वृक्षारोपण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
मौके पर महाप्रबंधक संचालन बिनोद कुमार द्वारा पर्यावरण ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इसके उपरांत सभी को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान डी.ए.वी. स्वांग एवं डी.ए.वी. कथारा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, उपहार एवं एक-एक पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

इस अवसर पर डीएवी कथारा जूनियर विंग में आयोजित पौधरोपण में प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर डी.ए.वी. कथारा के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान, महाप्रबंधक सह विभागाध्यक्ष उत्खनन अभिजीत दत्ता, विभागाध्यक्ष खान सुरक्षा आर. के. बरनवाल, विजय कुमार, अजीत कुमार, ऋषभ कुमार, जे. पी. एन. सिंह, राहुल कुमार, अनमोल टोप्पो, गौरव कुमार सहित अनेक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाया।
![]()













Leave a Reply