राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। सीआईएसएफ के पूर्वी जोन वन पटना के डीआईजी अमित माथुर ने 5 जून को बोकारो जिला के हद में बोकारो थर्मल सिक्स यूनिट स्थित सीआईएसएफ बैरेक एवं बोकारो थर्मल प्लांट का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार डीआईजी ने बोकारो थर्मल सिक्स यूनिट की सुरक्षा व्यवस्था, कार्य कुशलता एवं प्लांट के सुरक्षा उपकरणों की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरेक पहुंचने पर उनका स्वागत उप कमांडेंट अरुण प्रसाद ई , फायर विंग के सहायक कमांडेंट अरुण कुमार गिरि एवं सीआईएसएफ के अन्य अधिकारियों द्वारा गुलदस्ता देकर किया गया। साथ ही जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
उन्होने क्वार्टर गार्ड, सुरक्षा एवं फायर विंग जवान बैरेक तथा मेस परिसर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डीआईजी ने यूनिट के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

साथ ही डीवीसी के बोकारो थर्मल प्लांट का निरीक्षण के दौरान मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया सहित डीवीसी के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आंतरिक सुरक्षा, सुरक्षा उपकरणों तथा क्वार्टर एवं बैरकों की ख़राब स्थिति संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। डीआईजी ने पर्यावरण संरक्षण को ले बैरेक परिसर में पौधारोपण भी किया। बताया जाता है कि कार्यक्रम के अंत में डीआईजी ने सैनिक सम्मेलन में जवानों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया।
![]()













Leave a Reply