Advertisement

बंद चीनी मिल व् दूधपूरा हवाई अड्डा चालू करने को लेकर जनसंपर्क अभियान

आगामी 15 जून को जिलाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शहर में जनसंपर्क अभियान चलाकर आगामी 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की गई। अभियान के दौरान मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मोर्चा नेताओं ने कहा कि समस्तीपुर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण संस्थान वर्षों से बंद पड़े हैं, जिससे जिले के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पर रहा है। उन्होंने बंद समस्तीपुर चीनी मिल, ठाकुर पेपर मिल तथा मरनासन्न स्थिति में पहुंच चुकी मुक्तापुर रामेश्वर जूट मिल को चालू करने और उनके विकास एवं विस्तार की गारंटी करने की मांग उठाई। साथ ही दूधपूरा हवाई अड्डा का जीर्णोद्धार कर उसे पुनः चालू करने की मांग भी दोहराई गई।

नेताओं ने कहा कि इन संस्थानों के चालू होने से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा जिले के समग्र विकास का रास्ता खुलेगा। आरोप लगाया गया कि लंबे समय से इन मांगों की उपेक्षा की जा रही है, जिसके कारण जनता में आक्रोश है। जनसंपर्क अभियान के दौरान अमजनों को आगामी 15 जून को जिलाधिकारी के समक्ष आयोजित प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

जनसंपर्क अभियान में मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उपेंद्र राय, जीतेंद्र कुशवाहा, दीनबंधु प्रसाद, माकपा के सत्यनारायण सिंह, रघुनाथ राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, परमानंद मिश्र, राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, मनोज राय समेत पिंकू पासवान, सुरेंद्र राम, राजकुमार महतो, शाहीद हुसैन, शंभू राय, जगदीश प्रसाद यादव, रामनारायण राय, सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर प्रसाद साह, अशोक कुमार राय, रंजीत कुमार सिंह समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *