Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर बोकारो में पौधारोपण, डीसी-एसपी द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को बोकारो में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस क्रम में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी कैंप परिसर में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा तथा उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित कई अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पौधरोपण के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हम सभी की सतत जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक रहिवासी को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उप विकास आयुक्त ने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है।

पौधरोपण से धरती को हरियाली मिलती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित होता है। उन्होंने आमजनों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। इस अवसर पर गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *