रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा स्थित तपोभूमि परिसर में सात दिवसीय निःशुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ 5 जून को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने भाग लेकर योग एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। कहा गया कि योग न केवल विभिन्न रोगों से बचाव में सहायक है, बल्कि तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को भी दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु योग चिकित्सा की विशेष जानकारी दी जाएगी। साथ ही रहिवासियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित रहिवासियों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए लाभकारी बताते हुए नियमित रूप से योग एवं ध्यान करने का संकल्प लिया। शिविर प्रतिदिन प्रातः निर्धारित समय पर संचालित होगा, जिसमें सभी इच्छुक जनों को निःशुल्क भाग लेने का अवसर दिया गया है। योग में शामिल रहिवासियों ने कहा कि योग और ध्यान भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ, सकारात्मक और ऊर्जावान बनता है। इस प्रकार का शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
![]()













Leave a Reply