प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल के प्रख्यात मजदूर नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय ईश्वरी प्रसाद सिंह की 36वीं पुण्यतिथि बीते 27 मई को मनाई गयी। उनके द्वितीय पुत्र व श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह के कथारा चार नंबर स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ पुण्यतिथि मनाई गई।
पुण्यतिथि के अवसर पर कथारा चार नंबर मंदिर के पुजारी गुप्तेश्वर पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। परिजनों, शुभचिंतकों और यूनियन कार्यकर्ताओं ने स्व. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ईश्वरी बाबू ने सामाजिक, धार्मिक और ट्रेड यूनियन के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। वे हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे। समाज को सही दिशा और मार्गदर्शन देना उनका स्वभाव था। ट्रेड यूनियन में उन्होंने ईमानदारी और सिद्धांतों से अपनी अलग पहचान बनाई। उनका मृदुभाषी स्वभाव और कुशल व्यवहार सभी श्रमिक संगठनों को जोड़कर रखता था। हर वर्ग हर तबका उन्हें अभिभावक की तरह मानते थे। आज भी क्षेत्र में उनकी कमी महसूस होती है। उनकी कीर्ति हमें अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करती है।
स्व. सिंह के पुत्र व राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष व बेरमो विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने कहा कि पिता से मिली प्रेरणा ही उन्हें सामाजिक कार्यों के लिए ऊर्जा देती है। कहा कि उनके पिता का सपना था कि शिक्षा के प्रचार-प्रसार से सभ्य और मजबूत समाज का निर्माण हो। सिंह ने बताया कि पिताजी के आदर्शों पर चलकर ही मैं आज दबे-कुचले और असहाय की आवाज बनने का प्रयास करता हूं। उनकी कीर्ति से हमारे परिवार का सम्मान बढ़ता है। उसे कायम रखना ही हमारा संकल्प है।
श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत सिंह के ज्येष्ठ पुत्र राम तपस्या सिंह, कनिष्ट पुत्र विजय कुमार सिंह, पौत्र स्वयं सिंह, पुत्रवधू ममता देवी, अर्चना सिंह, ममता सिंह, पौत्री शगुन सिंह, शुभचिंतकों में मोहम्मद शमीम, इंद्रजीत कुमार, गणेश महतो, झाकस नोनिया, सुजीत मिश्रा, शंभू कुमार, महेंद्र चौहान, मनोज सिंह, मुकेश कुमार, अर्जुन करमाली समेत परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता व स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply