Advertisement

मुख्य महाप्रबंधक ने ओवरब्रिज पुल का उद्घाटन कर किया आमजनों के हवाले

उद्घाटन समारोह में नेताओ को न बुलाया जाना रहा चर्चा का विषय

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो थर्मल तथा आसपास के दर्जनों ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के रहिवासियों के लिए 28 मई का दिन बेहद खास रहा। बोकारो थर्मल में लगभग 11 वर्षों के लम्बे इंतजार के बाद एक सौ 34 करोड़ की लागत से बने लगभग दो किलोमीटर लम्बी रेलवे ओवरब्रिज पुल का उद्घाटन डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया ने फीता काट कर एवं पूजा अर्चना कर आमजनों के हवाले किया। यहां आचार्य महेश पांडेय ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा अर्चना करवाई।

ज्ञात हो कि उक्त ओवरब्रिज पुल का शिलान्यास 25 फ़रवरी 2015 को भूमि पूजन के जरिए डीवीसी बोकारो थर्मल के तत्कालीन परियोजना प्रधान जेपी सिंह ने किया था। मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान अरजरीया ने क्षेत्र के रहिवासियों को बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि बोकारो थर्मल के लिए यह ओवरब्रिज सौगात है। जिसका निर्माण कार्य बीकेबी, राइट्स एवं डेको कंपनी ने संयुक्त रूप से किया है। कहा कि आज के उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया था इसके बावजूद भारी संख्या में आमजन समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाए। कहा कि यह ओवरब्रिज 60 फिट चौड़ा एवं लगभग दो किलोमीटर लम्बी है। यह ओवरब्रिज कथारा बेड़ियां बस्ती कोनार नदी से शुरू होकर बोकारो थर्मल डिग्री कॉलेज मैदान में उतारा गया है। इसके अलावे रेलवे गेट समीप ओवरब्रिज का दो छोर बोकारो थर्मल प्लांट के अन्दर भी ले जाया गया है।

बीकेबी कंपनी के साइड इंचार्ज सुनील सिंह ने कहा कि रेलवे द्वारा एनओसी मिलने में देरी एवं राजनीतिक हस्तक्षेप होने के कारण ओवरब्रिज निर्माण में अधिक समय लग गया। कहा कि नवनिर्मित ओवरब्रिज की गुणवत्ता की जांच 150 टन क्षमता का लोड टेस्ट से भी किया गया। इस अवसर पर वरीय महाप्रबंधक मानव संसाधन ए कुजूर, प्रबंधक मधुकर श्रीवास्तव, सीएसआर प्रबंधक मनीष चौधरी, राजेश विश्वास, एसके झा, पार्थों सारथी मुखर्जी, सुनील कुमार, एसपी महापात्र, शशिशेखर, सूरज तिवारी, मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव घासी, मुखिया बबलू सिंह, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, सुषमा कुमारी सहित दर्जनों डीवीसी अधिकारी व कामगार उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *