रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत स्थित पारटांड़ में आयोजित पारंपरिक रोहिणी मनसा पूजा में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं बेहतर भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार रोहिणी मनसा पूजा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा रहिवासियों का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मौके पर पूर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था से है। कहा कि रोहिणी मनसा पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह प्रकृति, खेती-किसानी और समाज की खुशहाली से जुड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी और यहां के अमन पसंद रहिवासियों का अपनापन उन्हें हमेशा यहां खींच लाता है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़कर रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और रहिवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़े हैं।

जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोक आस्था और परंपराएं समाज को जोड़ने का काम कर रही हैं। रोहिणी मनसा पूजा यहां के रहिवासियों के आस्था का केंद्र है। कहा कि इस आयोजन में ग्रामीणों की सहभागिता यह दिखाती है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत आज भी जीवित है।
उन्होंने कहा कि गांवों की पहचान यहां की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता से होती है। इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारा और विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को पूजा की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
![]()













Leave a Reply