समस्तीपुर शहर के अधिकांश ट्रांसफार्मर जर्जर, कैसे मिलेगी अनवरत बिजली-सुरेंद्र
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। जिला मुख्यालय समस्तीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से आम रहिवासी इनदिनों परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली कटौती होने से रहिवासियों को रात भर रतजगा करना पड़ रहा है। पंखा, कूलर एवं पानी की मोटर बंद रहने से रहिवासियों की परेशानी और बढ़ गई है।
विद्युत संकट की शिकायत मिलने के बाद बीते 26 मई को भाकपा माले तथा विधुत सुधार संघर्ष मोर्चा टीम ने शहर के कई ट्रांसफार्मर की स्थिति की जांच की। जांच टीम लीडर का कहना है कि क्षेत्र में कई विद्युत ट्रांसफार्मर जर्जर अवस्था में हैं। ट्रांसफार्मर का तार, बुश, बुश राॅड, एमसीबी, पैनल, हैंडल, स्वीच एवं डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स, ब्रेकर आदि खराब एवं जला रहने के कारण उपलब्ध बिजली भी उपभोक्ताओं तक सही ढंग से नहीं पहुंचा पा रही है। कहा गया कि कई मोहल्लों में लो वोल्टेज एवं बार-बार फ्यूज उड़ने, तार टूटने आदि की समस्या बनी है।
भाकपा माले एवं विधुत सुधार संघर्ष मोर्चा की संयुक्त जांच टीम माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में समस्तीपुर शहर के आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, विवेक- विहार, बारह पत्थर, सरोजिनी गली आदि जगहों पर स्थित दर्जनभर से अधिक ट्रांसफार्मर का निरीक्षण करने के बाद आरोप लगाया कि बिजली विभाग को शिकायत देने के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं हो रही है। विभागीय स्टोर में आवश्यक विद्युत उपकरण उपलब्ध नहीं रहने से खराब ट्रांसफार्मर एवं लाइन की मरम्मत में देरी हो रही है। इसका खामियाजा आम जनों को भुगतना पर रहा है।
शहरवासियों ने जर्जर ट्रांसफार्मरों तथा ट्रांसफार्मर के खराब उपकरण को बदलने, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, टीम गठित कर त्वरित शिकायत का निबटारा करने, पर्याप्त विद्युत उपकरण उपलब्ध कराने एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो विभाग के विरुद्ध आंदोलन किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply