Advertisement

सीसीएल के रजरप्पा क्षेत्र में रिफार्म-ट्रांसफार्म-परफॉर्म इन्फॉर्म विषय पर संगोष्ठी

एस. पी. सक्सेना/रामगढ़ (झारखंड)। रामगढ़ जिला के हद में सीसीएल के रजरप्पा क्षेत्र में 27 मई को मिशन सीआईएल @2026 रिफार्म -ट्रांसफार्म- परफॉर्म इन्फॉर्म विषय पर भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीसीएल में पारदर्शिता, जवाबदेही, सतर्कता जागरूकता तथा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) मुख्यालय कोलकाता के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, तथा विशिष्ट अतिथि सीसीएल सीवीओ पंकज कुमार के अलावा महाप्रबंधक (सतर्कता) सीआईएल संजय झा, रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह, अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार सहित सीसीएल चरही (हजारीबाग), कुजू, बरका-सयाल एवं सीआरएस बड़काकाना क्षेत्र के महाप्रबंधक उपस्थित रहे। उपरोक्त क्षेत्रों से लगभग 150 प्रतिभागियों ने संगोष्ठी में भाग लिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शॉल, पुष्पगुच्छ एवं नारियल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों ने एक पेड़ सतर्कता के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि सीवीओ कोल इंडिया ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा, कि विजिलेंस इज बाई यू, फॉर यू एंड विथ यू ऑलवेज।

उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने कार्य व्यवहार में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सतर्क रहने, भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष करने, सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने तथा कोल इंडिया लिमिटेड के लिए गर्व के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।

संगोष्ठी के दौरान मिशन सीआईएल@2026 के अंतर्गत सतर्कता तंत्र को सुदृढ़ करने, कार्य प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, भ्रष्टाचार उन्मूलन तथा संगठनात्मक जवाबदेही को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। यहां रजरप्पा क्षेत्र के नवीनीकृत आईसीसीसी कंट्रोल रूम का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन मानव संसाधन विभाग के पदाधिकारी सिद्धार्थ एवं ईएंडटी पदाधिकारी रामाराजू द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजीव सिन्हा ने किया।
सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित संगोष्ठी का समापन सीसीएल में नैतिक मूल्यों, सतर्कता जागरूकता एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *