प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया थाना की पुलिस ने अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की हैं। पुलिस ने अपहृत युवती को मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के पलिहारी गुरुडीह कोठीटांड रहिवासी स्व. बोदो दुसाध के पुत्र रंजीत पासवान के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा उनकी पुत्री के अपहरण का कांड दर्ज किया गया था। कांड के अनुसंधान के क्रम में पुलिस अधीक्षक बोकारो के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमों के निर्देश पर एक एसआईटी टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना व तकनीकी सहयोग के आधार पर पता चला कि अपहृत युवती को आरोपी मुंबई ले गए हैं।

बताया गया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचना देते हुए पुलिस टीम मुंबई पहुंची और अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गोमिया थाना क्षेत्र के जमकडीह रहिवासी राजेश्वर साव के 19 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार साव तथा थाना क्षेत्र के देवीपुर रहिवासी स्व. बाबू लाल प्रजापति के 21 वर्षीय पुत्र कुन्दन कुमार शामिल है। छापेमारी दल में कांड के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक बिरसा बाड़ा, पुअनि अरुण कुमार, महिला आरक्षी क्रमांक 978 सोनी कुमारी, चौकीदार विकास कुमार व् तकनीकी शाखा बोकारो के कर्मी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply