राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। जिला के हद में बोकारो थर्मल के कोनार नदी तट पर 25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर देवनद दामोदर महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पंडित विश्वनाथ पाठक एवं दीपक मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने दामोदर नदी की पूजा-अर्चना एवं गंगा आरती कर दीप प्रवाहित किए तथा नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दामोदर बचाओ आंदोलन से जुड़े गणमान्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दामोदर बचाओ आंदोलन के मुख्य रूप से उपस्थित सह संयोजक श्रवण सिंह, सुरज नायक तथा गौतम राम ने कहा कि दामोदर नदी झारखंड की जीवनदायिनी नदियों में से एक है, जिसे देवनद के नाम से भी जाना जाता है। मौके पर नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर उपस्थित जनों को प्रेरित किया गया।
कहा गया कि दामोदर नदी केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह क्षेत्र की संस्कृति और सभ्यता की पहचान भी है। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ धर्म की जयकारा और दीपदान से पूरा दामोदर व् कोनार नदी तट भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा। नदी पूजन के पावन अवसर पर उपरोक्त के अलावा वीरेंद्र चौहान, विकास चौहान, गौरी यादव, मनोज ठाकुर, मनोज यादव, छोटन यादव, आकाश नायक, मनीष कुमार, पितांबर विश्वकर्मा, अमित नायक, मुकेश नायक सहित अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply