प्रहरी संवाददाता/रांची (झारखंड)। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में 25 मई को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्वारा झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर पूरे झारखंड में हर्ष है।
ज्ञात हो कि 25 मई को देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म भूषण से सम्मानित किया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य आंदोलन को मजबूत करने और आदिवासी, दलित एवं गरीबों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में भी राज्य का नेतृत्व किया। उनके योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य मौजूद रहे। शिबू सोरेन को सम्मान मिलने के बाद झारखंड के विभिन्न जिलों में समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और खासकर आदिवासी समुदाय ने इसे झारखंड आंदोलन तथा राज्य की जनता के सम्मान से जोड़कर देखा। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी दिशोम गुरु को मिले इस सम्मान को झारखंड के लिए गौरव का क्षण बताया है। नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में समर्पित किया, जिसका सम्मान आज पूरे देश ने किया है।
![]()













Leave a Reply