Advertisement

सीएमडब्ल्यूयू का दो दिवसीय केंद्रीय सम्मेलन ऑफिसर क्लब कथारा में शुरु

खान दुर्घटना में मृत मजदूरों को भी शहीद का दर्जा मिलनी चाहिए-सांसद

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 25 मई को बोकारो जिला के हद में ऑफिसर क्लब कथारा में सीएमडब्ल्यूयू का दो दिवसीय केंद्रीय सम्मेलन शुरु किया गया। सम्मेलन के प्रथम दिवस काराकाट सांसद सहित पोलित ब्यूरो सदस्य, बगोदर तथा राजधनबार के पुर्व विधायक सहित बड़ी संख्या में भाकपा माले व् सीएमडब्ल्यूयू के कॉमरेड साथीगण शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थित कॉमरेड साथियों ने सर्वप्रथम सीसीएल कथारा महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष स्थित धरती आवा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर तथा खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कार्यक्रम स्थल ऑफिसर क्लब में शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर लाल सलाम किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों की देखरेख में केंद्रीय सम्मेलन प्रारम्भ किया गया।

केंद्रीय सम्मेलन के प्रथम दिवस के प्रथम सत्र में काराकाट के भाकपा माले सांसद राजाराम सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि खान दुर्घटनाओं में लागतार मौतें हो रही है। बॉर्डर की रक्षा में मरने वाले सैनिकों को शहीद का दर्जा मिलता है। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में युद्ध की तरह विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले मजदूरों की मौत पर भी शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कारखानों और खदानों में लगातार दुर्घटनायें हो रही है, लेकिन दुर्घनाओं में मज़दूरों के मरने की खबरें प्रमुख मीडिया की खबरें नहीं बन पाती है। कहा कि खदानों तथा कारखानों में सुरक्षा मानकों का घोर उल्लंघन हो रहा है। मुनाफा कमाने की नीति ही दुर्घटनाओं को जन्म दे रही है। मजदूरों के जान की कीमत पर उत्पादन का प्रतिरोध करना चाहिए।

कोल माइंस वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूंजीवाद साम्राज्यवाद का रूप ले रहा है। जब प्राइवेट कंपनियां खुले रूप से ऐलान कर रहे हैं कि अब दिन में 8 घंटे नहीं साप्ताहिक 90 घंटे काम करना चाहिए, क्या काम के कानून के रहते इसके खिलाफ बयान देने वाले निजी कंपनियों पर केंद्र सरकार कार्रवाई करेगी? इस पर केंद्र की सत्ता मौन है।

सांसद ने कहा कि हम मजदूरों के पक्ष में खड़े हैं और सदन में मजदूर किसानों के पक्ष में आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नक्सल वामपंथ की आलोचना करते करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भगत सिंह और आंबेडकर की आलोचना शुरू कर दिए है। पर्यावरण सिर्फ किताबों का विषय नहीं है। यह सांस लेना और जीना दोनों दूभर कर सकता है। इसीलिए हजारीबाग के बड़कागांव के किसान अड़े हैं। साथियों के संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पुराने कॉमरेड साथियों की अधिक संख्या का मतलब यूनियन की उम्र बढ रही है। ऐसे में यह तय करना लाजमी है कि नए सदस्यों को जोड़ना जरूरी है।

भाकपा माले के बगोदर के पूर्व विधायक कॉ विनोद कुमार सिंह ने कहा कि आज के ही दिन नक्सलबाड़ी आंदोलन की शुरुआत हुई थी। नक्सलबाड़ी के शहीदों को सलाम पेश करते हुए उन्होंने कहा कि खेतों, सड़को और खदानों में लड़ने वाले केंद्र सरकार को हमेशा नक्सली ही दिखाई पड़ेगें। संविधान प्रदत्त लोक कल्याण के कानून को खत्म कर दिया जा रहा है। मनरेगा को खत्म कर जी ग्रामजी योजना की शुरुआत इसी की कड़ी है। कहा कि एक देश एक कानून की बात करने वाली सरकार पूरे देश में एक न्यूनतम मजदूरी की बात नहीं करती, उल्टे ग्रामीण मजदूरों के रोजगार को खत्म कर दिया गया है। कहा कि नए दौर में ट्रेड यूनियनों और मजदूरों को नई चुनौतियों के खिलाफ लड़ना होगा।

इस अवसर पर सभागार के मैदान में मजदूर आंदोलन के शहीदों की याद में शहीद वेदी पर यूनियन का झंडोत्तोलन वरिष्ठ मजदूर नेता उपेंद्र सिंह ने किया, तत्पश्चात वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर एक मिनट का मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। सम्मेलन में आदिवासी संस्कृति मंच द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। केंद्रीय सम्मेलन के खुले सत्र को उपरोक्त के अलावा भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद सिंह, किसान महासभा नेता सह राजधनबार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, महेश सांवरिया, गोपाल शरण सिंह, शोभा देवी, हरेंद्र मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। यहां अतिथियों को मोमेंटो और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

केंद्रीय सम्मेलन में सीसीएल, ईसीएल, बीसीसीएल कोयला क्षेत्र से जुड़े 200 प्रतिनिधि शामिल हैं। सम्मेलन के मुख्य प्रयवेक्षक देवदीप सिंह दिवाकर सम्मेलन में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जुझारू माले सह यूनियन नेता विकास कुमार सिंह ने किया। सम्मेलन की सफलता में बालेश्वर गोप, भुवनेश्वर केवट, बालेश्वर यादव, अजय रविदास, बालगोविंद मंडल, नारायण केवट, हरि शंकर, बैद्यनाथ मिस्त्री, कृष्णा सिंह आदि कॉमरेड साथी सक्रिय दिखे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *