Advertisement

झारखंड में गुटखा-तंबाकू के खिलाफ 26 से एक महीने तक चलेगी राज्यव्यापी छापेमारी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार ने राज्य को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुटखा, पान मसाला और अन्य तंबाकू उत्पादों के खिलाफ विशेष महाअभियान चलाने का निर्णय लिया है।

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आगामी 26 मई से 26 जून तक पूरे राज्य में एक महीने तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर निकायों की संयुक्त टीम दुकानों, गोदामों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगातार छापेमारी करेगी।

सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित गुटखा, तंबाकू मिश्रित पान मसाला, फ्लेवरयुक्त निकोटीन उत्पाद तथा अवैध रूप से बेचे जा रहे तंबाकू पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान भारी मात्रा में जुर्माना, लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई और आवश्यकतानुसार प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 24 मई को बताया कि झारखंड में युवाओं और स्कूली बच्चों के बीच तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय बन चुकी है। राज्य में गुटखा और तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी को देखते हुए सरकार ने राज्य भर में सख्त निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया है।

अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेज के आसपास, होटल-ढाबा, पान दुकानों और बाजार क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी जुर्माना लगाया जाएगा।

सरकार ने सभी जिला उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाए तथा आम जनों को भी तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न जिलों में रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जागरूकता शिविर और नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया जाएगा।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते तंबाकू सेवन पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो आने वाले वर्षों में कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों की संख्या और तेजी से बढ़ सकती है। सरकार के इस अभियान से राज्य में तंबाकू के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और आमजनों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *