Advertisement

विस्थापित संघर्ष समिति टीटीपीएस ललपनिया का तीसरा सम्मेलन संपन्न

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। विस्थापित संघर्ष समिति टीटीपीएस ललपनिया का तीसरा सम्मेलन बोकारो जिला के के हद में गोमिया प्रखंड के डुमरी बिहार में 24 मई को आयोजित किया गया। सम्मेलन के बाद यहां नई कमेटी का गठन किया गया।

आयोजित तीसरा सम्मेलन के अवसर पर संपन्न चुनाव में सर्वसम्मति से लखन महतो को अध्यक्ष, राजेंद्र प्रजापति को कार्यकारी अध्यक्ष, विनय महतो को सचिव एवं सहदेव महतो को कोषाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन की अध्यक्षता विस्थापित नेता भीम महतो एवं संचालन सहदेव महतो ने किया। इस अवसर पर सम्मेलन के मुख्य अतिथि सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड रामचंद्र ठाकुर ने कहा कि यह सम्मेलन समिति के पूर्व सचिव श्यामसुंदर महतो को हमेशा याद करेगा।

उन्होंने कहा कि समिति के नेतृत्व में डुमरी बिहार से टीटीपीएस तक रेल पथ निर्माण में हुए विस्थापितों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष जारी है। इसी का नतीजा है कि दर्जनों रहिवासियों को तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (टीटीपीएस) में नियोजन मिला और विस्थापित गांवों में विकास के कुछ कार्य हुए। उन्होंने विस्थापितों के लंबित मांगों यथा मुआवजा, नियोजन, ग्रामीण विकास के लिए फिर से संघर्ष शुरू करने की बात कही।

विशिष्ट अतिथि सीटू के राज्य कमेटी सदस्य सह विस्थापित संघर्ष समिति गोमिया के सचिव कॉमरेड राकेश कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन क्षेत्र में नया उदाहरण पेश करेगा। उन्होंने कहा कि टीटीपीएस ललपनिया से प्रेरणा लेकर ही गोमिया में रेल ओवरब्रिज के विस्थापितों ने भी समिति का गठन किया है। बहुत जल्द टीटीपीएस प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा जाएगा और नए संघर्ष की तैयारी होगी। उन्होंने प्रबंधन से विस्थापितों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।

मौके पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष लखन महतो, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र प्रजापति और सचिव विनय महतो ने संयुक्त रूप से कहा कि यहां के विस्थापित एकजुट हैं और संघर्ष की दिशा में हैं। बहुत जल्द मैदान में उतरेंगे। सम्मेलन में विस्थापित नेता अरुण प्रजापति, रीतलाल प्रजापति, बबुआ मांझी, उपेंद्र सिंह, मनोज महतो, राजेश पासवान, हरिचरण सिंह, नरेश चौधरी, बुधनी देवी, नुनी बाला देवी, रतनी देवी सहित बड़ी संख्या में विस्थापित रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *