Advertisement

साहित्य सम्मेलन की तैयारी शुरू, स्मारिका का होगा प्रकाशन

हरिहर क्षेत्र विचार उत्सव की बैठक में सम्मेलन की बनी रूपरेखा

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। हरिहर क्षेत्र विचार उत्सव संस्था के तत्वावधान में एक दिवसीय साहित्य सम्मेलन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसे लेकर आयोजित बैठक में प्रकाशित होने वाली स्मारिका की रूपरेखा तय की गई।

जानकारी के अनुसार हरिहर क्षेत्र विचार उत्सव संस्था द्वारा सारण जिला के हद में संस्था के महासचिव तृप्ति नाथ सिंह के सोनपुर के गोला बाजार गौतम चौक स्थित आवासीय परिसर में 24 मई को बैठक की गयी, जिसकी अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता महेंद्र प्रताप ने की।
आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार एक दिवसीय साहित्य सम्मेलन आगामी अक्टूबर माह में आयोजित होगा। प्रथम सत्र में तीन विद्वानों के साहित्य और समाज के रिश्ते पर व्याख्यान होंगे तथा दूसरे सत्र में राज्य के विभिन्न जिलों से आमंत्रित कवियों के काव्य पाठ होंगे।

बैठक में स्मारिका के प्रकाशन के लिए एक समिति बनाई गई, जिसमें संस्था के संयोजक सुरेंद्र मानपुरी के साथ-साथ अमरनाथ तिवारी, जितेंद्र कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली) के रूपेश कुमार और सबलपुर (सारण) के अवध किशोर शर्मा सदस्य बनाए गए। हरिहर क्षेत्र जन जागरण मंच के संस्थापक अनिल कुमार सिंह को संस्था के संरक्षक मंडल में सम्मिलित किया गया।

बताया जाता है कि लगातार 3 घंटे तक चली बैठक में साहित्यकार सारंगधर प्रसाद सिंह, कई पुस्तकों के लेखक जितेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, तृप्ति नाथ सिंह, अमरनाथ तिवारी, हाजीपुर के संजीव कुमार, रूपेश कुमार एवं रवि कुमार तथा गायक रोशन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *