Advertisement

लातेहार पुलिस का खुलासा 5 लाख का इनामी समेत 2 गिरफ्तार, 26 मामलों का खुलासा

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। झारखंड के लातेहार में पुलिस ने बड़ी कामयाबी का दावा किया हैं। पुलिस ने 5 लाख का इनामी नक्सली सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह समेत दो नक्सली को गिरफ्तार करने तथा 26 मामलों का खुलासा का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार लातेहार पुलिस ने नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के खिलाफ बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। लातेहार एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लाख के इनामी सक्रिय सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने संगठन के एक अन्य एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि एसपी कुमार गौरव को लगातार इनपुट मिल रहा था कि जेजेएमपी का 27 वर्षीय सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह उर्फ शिवजी उर्फ शिवा उर्फ कैला अपने दस्ते के साथ लातेहार थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से लगातार भ्रमणशील है। इस दौरान बीते 22 मई को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि शिव नारायण सिंह को धनकारा मोड़ की ओर जाते देखा गया है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर लातेहार थाना प्रभारी के नेतृत्व में तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

टीम ने बिना वक्त गंवाए धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी की और शिव नारायण को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कई उग्रवादी और आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस के सामने अपने संगठन के अन्य साथियों के राज भी उगले।

उसकी निशानदेही और बताए गए पते के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल लातेहार थाना क्षेत्र के सेमरियाटांड़ तुपुखुर्द में छापेमारी की। यहां से पुलिस ने जेजेएमपी के एक और उग्रवादी एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस के अनुसार उपरोक्त दोनों उग्रवादियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। शिव नारायण उर्फ शिव सिंह उर्फ शिवजी उर्फ शिवा उर्फ कैला के खिलाफ लातेहार, चतरा और रांची जिले में हत्या, लेवी रंगदारी और उग्रवादी हिंसा के कुल 24 मामले दर्ज हैं, जबकि सुकुलदेव उरांव (एरिया कमांडर) के खिलाफ लातेहार जिले के विभिन्न थानों में दो मामले दर्ज है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *