Advertisement

बालीडीह पुलिस ने किया तार चोरी कर खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार धराये

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना पुलिस ने एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे विभिन्न क्षेत्रों में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के नेटवर्क का विस्तार रामगढ़ से लेकर बोकारो तक बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 70 किलो कटिंग किया एल्यूमिनियम तार तथा चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक आल्टो कार भी जब्त की है।
पूरे मामले की जानकारी मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने 23 मई को प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बालीडीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही एल्यूमिनियम तार चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को धर दबोचा।

कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में रामगढ़ रहिवासी रोहित कुमार, सिन्दू कुमार, प्रिंस कुमार तथा प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है, जो चोरी के तार को कटिंग कर विभिन्न इलाकों में बेचने और खपाने का काम करता था। वहीं रोहित कुमार को चोरी के माल का खरीददार बताया गया है, जिसका नेटवर्क बोकारो से रामगढ़ तक फैला है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह सुनसान इलाकों और औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर एल्यूमिनियम तार की चोरी करता था। चोरी के बाद तार को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उसे स्क्रैप के रूप में बेच दिया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। बरामद 70 किलो कटिंग किया एल्यूमिनियम तार इसी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके के रहिवासियों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *